पर्यावरण और वनों के प्रति जनचेतना जगाने के लिए सिंधिया स्कूल ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन ग्वालियर के पूर्व छात्रों ने मेरठ से लैंसडौन तक पर्यावरण कार रैली निकाल कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोेगों को वनों की उपयोगिता के बारे में समझाया और उन्हें वनों की आग से रक्षा, वनों के संरक्षण- संवर्द्धन के बारे में प्रेरित किया।
शुक्रवार को टीम हेड गोपाल भार्गव व समन्वयक बंजुल बादलि की अगुवाई में ओल्ड स्टूडेंट की टीम यहां पहुंची। 75 सदस्यीय टीम ने कैंट के सहयोग से केंद्रीय विद्यालय के पास मजार की पहाड़ी में पौधरोपण कार्यक्रम किया। इस पहाड़ी को सोबा पहाड़ी सिंधिया ओल्ड ब्वाइज एसोसिएशन नाम दिया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रिगेडियर इंद्रजीत चटर्जी ने बांज की पौध रोप कर की। इस मौके पर बांज, देवदार, अतीष की पौध का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि नगर की सुंदरता यहां की वनाच्छादित पहाड़ियों से है। लोग यहां प्राकृतिक छटाओं का लुत्फ उठाने आते हैं। इसका संरक्षण व संवर्द्धन करने का जिम्मा हम सबका है। उन्होंने पेयजल संकट हल के लिए पौधारोपण को जरूरी बताया।
कार्यक्रम के सह समन्वयक अनिल, हरीश ओबराय ने बताया कि एसोसिएशन के सात हजार सदस्य देश- विदेश में महत्वपूर्ण पदों पर हैं। पर्यावरण के साथ - साथ टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह रैली निकाली गई है। रैली में टोरोन्टों अमेरिका, ग्वालियर , मेरठ, जयपुर गुजरात से लोग शामिल हुए हैं। जुलाई माह में फिर से एसोसिएशन यहां आकर पौधारोपण करेगी। इस अवसर पर उपाध्यक्ष कैंट डा. एसपी नैथानी, राजेंद्र राणा, एई एसवीएस राणा, दीपक मिश्रा, सहित कई लोग मौजूद थे।