कोटद्वार। रिखणीखाल ब्लॉक के अंतर्गत सिलबेड़ी गांव में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण भी किया गया।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं उद्यान विशेषज्ञ कोटद्वार सतीश चंद्र शर्मा, उद्यान सचल दल केंद्र किल्बौखाल व उद्यान सहायक सुरेंद्र कुमार ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को बागवानी व सब्जी उत्पादन, कीवी मिशन, एप्पल मिशन से जुड़कर अपनी आर्थिकी मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने काश्तकारों को पाली हाउस लगवाने के लिए प्रेरित भी किया। इस मौके पर कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, ऊर्जा निगम, पंचायती राज विभाग, उद्योग विभाग समेत अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनका निस्तारण भी किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ लगाने की मांग की। ग्राम प्रधान अरुणा रानी रावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद