लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई। सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली गई। विद्यालयों में कई ऑनलाइन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।
एसडीएम योगेश मेहरा ने तहसील में राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को, कोतवाली में एएसपी प्रदीप राय ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को और नगर निगम में नगर आयुक्त पीएल शाह ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कर्मचारियों ने सरदार बल्लभ भाई पटेल से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र सेवा के लिए कर्तव्य निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में ऑनलाइन निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता हुई। निर्णायकों की ओर से दिए गए अंकों के आधार पर पोस्टर प्रतियोगिता में अंकुश ने प्रथम, रितु रानी ने द्वितीय और याशी नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में भूमिका खाती ने पहला, संदीप पंवार ने दूसरा और शालिनी नेगी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य चंदन सिंह ने छात्र-छात्राओं से सरदार बल्लभ भाई पटेल के पद चिह्नों पर चलकर राष्ट्र की सेवा की अपील की।