सोमवार से रविवार तक हर दिन बदली जाएगी मरीज के बिस्तर की चादर, होगा ताजगी का एहसास
कोटद्वार। राजकीय बेस अस्पताल में भर्ती मरीजों को अब हर दिन ताजगी का एहसास होगा। दरअसल मरीज के बिस्तर की चादर रोजाना न केवल बदली जाएगी बल्कि दिन के अनुसार उसका रंग भी बदलेगा। अस्पताल प्रशासन ने इस व्यवस्था को सोमवार से लागू कर दिया है।
300 बेड की क्षमता वाले राजकीय बेस अस्पताल में फिलहाल करीब 150 बेड ही गतिमान है। अस्पताल इमरजेंसी वार्ड, मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड, पीडिया वार्ड एवं गायनी वार्ड में भर्ती मरीजों को अब हर दिन उनका वार्ड नए कलेवर में नजर आएगा। सभी मरीजों के बिस्तर की चादर निर्धारित किए दिन के अनुसार अलग ही रंग में बिछी नजर आएगी। अस्पताल का आईसीयू वार्ड एवं डेंगू वार्ड अभी फिलहाल गतिमान स्थिति में नहीं हैं। हालांकि इन वार्डों में भी बेड हैं, लेकिन मरीजों के भर्ती नहीं होने की स्थिति में इन वार्डों में चादर नहीं बदली जाएंगी।
.
सोमवार : संतरी
मंगलवार : गुलाबी
बुधवार : हरी
बृहस्पतिवार : पीली
शुक्रवार : बैंगनी
शनिवार : नीली
रविवार : सलेटी
स्वास्थ्य निदेशालय के निर्देश पर वार्डों में दिनवार बेडशीट पर निर्धारित रंगों की चादर बिछाने के प्रयास पिछले काफी समय से किए जा रहे थे। अब टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने पर सोमवार से इसे लागू कर दिया गया है। -डॉ. विजय सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, कोटद्वार।