कार्बेट पार्क से लगे रिखणीखाल ब्लाक के कर्तिया से लेकर कांडा नाला तक 12 से अधिक गांवों में गत पांच दिनों से बिजली की आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। बिजली न होने से जंगली जानवरों का खतरा भी बना हुआ है। दूसरी ओर रिखणीखाल ब्लाक के संपूर्ण पैनों घाटी की तीन पट्टियों के 60 गांवों में संचार नेटवर्क ठप होने से मोबाइल शोपीस बने हुए हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्तिया विनीता ध्यानी ने बताया कि गत पांच दिनों से क्षेत्र में सिंगल फेस आ रहा है, जिससे कर्तिया से लेकर कांडानाला तक के 12 से अधिक गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है। स्थिति यह है कि लोग अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। कहा कि ऊर्जा निगम की लापरवाही के कारण जहां क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित है, वहीं लोगों को समय पर बिल भी नहीं मिल पा रहे हैं। मीटर रीडर के नहीं पहुंचने से लोगों को अनुमानित बिल थमाए जा रहे हैं। साथ ही खराब मीटरों को भी अभी तक नहीं बदला गया है। एसडीओ अजीत कुमार का कहना है कि मौसम खराब होने के कारण आए दिन इंसुलेटर उड़ रहे हैं, जिससे लाइनों में फाल्ट आ रहा है। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, कर्तिया और हल्दूखाल में लगाए गए बीएसएनएल के टावर भी शोपीस बने हुए हैं। दोनों टावरों के काम नहीं करने से रिखणीखाल ब्लाक के संपूर्ण पैनों घाटी की तीन पट्टियों के 60 गांवों में संचार नेटवर्क ठप होने से मोबाइल शोपीस बने हुए हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्तिया बिनीता ध्यानी ने कहा कि मामले को लेकर श्रीनगर के मंडलीय कार्यालय के अधिकारियों को अवगत भी कराया गया, बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, राज्य सभा सदस्य अनिल बलूनी को फैक्स व मेल भेजकर समस्याओं के निराकरण की मांग की है।