कोटद्वार। वरिष्ठ नागरिक संगठन की ओर से आनंद विहार कॉलोनी मानपुर स्थित कार्यालय में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में दुगड्डा ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के हाईस्कूल और इंटर बोर्ड परीक्षा के सात मेधावी छात्र-छात्राओं व 80 व 90 वर्ष की आयु पूरी कर चुके संगठन के नौ आजीवन सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एससीईआरटी के पूर्व निदेशक प्रदीप रावत ने किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को आत्मविश्वास बनाए रखने के साथ अपने मस्तिष्क का भरपूर प्रयोग करते रहना चाहिए। इससे पूर्व मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गान प्रस्तुत किया।
संगठन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कैप्टन पीएल खंतवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु पूर्ण कर चुके बीबी ध्यानी, एसके सिंघानिया, जगत सिंह बिष्ट, कमलेश भाटिया, उर्मिला भारद्वाज, अशोक कुमार, श्रीधर थपलियाल, प्रकाशचंद्र कोठारी व 90 वर्ष की आयु पूरी कर चुके रघुवीर सिंह रावत को सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथि सहायक प्राध्यापक डॉ. सुनीता नौटियाल समेत राजेंद्र बिष्ट, महेंद्र अग्रवाल, विनोद नेगी, सुनील नवानी, रमेश चंद्र खंतवाल, आरपी पंत, जनार्दन ध्यानी आदि मौजूद रहे। संचालन महासचिव रिपुदमन सिंह बिष्ट ने किया।