कोटद्वार। वार्ड नंबर-24 बालासौड़ में दांई खोह नहर के कौड़िया शाखा नहर के कुलावा नंबर-3 व 4 में भरे मलबे की सफाई शिकायत के 11 माह बाद भी नहीं हो पाई है। जिससे बालासौड़ के निचले इलाके के काश्तकारों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। सिंचाई विभाग दुगड्डा बंद पड़े दोनों कुलावों को खोलने की जहमत नहीं उठा रहा है। जिससे काश्तकारों की धान की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच चुकी हैं।
बालासौड़ निवासी किसान नेता पातीराम ध्यानी ने बताया कि पिछले साल बरसात में बालासौड़ में कौड़िया शाखा सिंचाई नहर के कुलावा नंबर-3 व 4 चैंबर के ढक्कन क्षतिग्रस्त होने के कारण के पाइपों में भारी मात्रा में गंदगी भर गई थी। जिससे मुख्य नहर से दोनों कुलावे में पानी नहीं जा पा रहा है। उन्होंने पिछले साल 10 सितंबर को सिंचाई नहर के चैंबरों के क्षतिग्रस्त ढक्कन, गूलों की मरम्मत व सफाई के लिए एसडीएम और सिंचाई विभाग को पत्र सौंपे थे। उन्होंने कुलावे पर अतिक्रमण कर रखे गए स्लैब व मुख्य गेट को भी हटाने की मांग की थी। तब से अब तक नहर से अतिक्रमण हटाना तो दूर मलबे से पटे पाइपों की सफाई तक नहीं करवाई है।
बालासौड़ में बंद पड़े दोनों कुलावों को दिखवाकर क्षेत्र के काश्तकारों को जल्द ही सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा।
- महकार सिंह, सहायक अभियंता सिंचाई खंड दुगड्डा।