कोटद्वार। पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लाक के तोल्यूडांडा गांव में एक चचेरे भाई ने भाई और भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। एसडीएम ने रिखणीखाल थाना पुलिस और राजस्व पुलिस की टीम को गांव के लिए रवाना कर दिया है, लेकिन द्वारी के पास सड़क बाधित होने के कारण टीम काफी देर तक रास्ते में फंसी रह गई। देर शाम पुलिस प्रशासन सड़क खुलवाकर गांव पहुंचा। हत्या आरोपी फरार हो गया।
तोल्यूडांडा में सुरेंद्र सिंह रावत और प्रेम सिंह रावत चचेरे भाई हैं। उनके बीच काफी समय से जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। कई बार उनमें झगड़ा होता रहता था। शनिवार दिन में प्रेम सिंह (62) और उनकी पत्नी सुलोचना देवी (58) घर से सुरेंद्र सिंह के आंगन से होते हुए अपनी गोशाला की ओर जा रहे थे। तभी उनमें किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों पक्ष एक दूसरे को मारने-मरने पर उतारू हो गए। तभी गुस्से में सुरेंद्र सिंह ने अपने घर के आंगन में चचेरे भाई और भाभी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गांव में दोहरे हत्याकांड की खबर लगते ही सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी राजस्व पुलिस और प्रशासन को दी। एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि मामले को राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को सौंपने के लिए जिलाधिकारी को लिखा जा रहा है। रिखणीखाल के थानाध्यक्ष रवींद्र सिंह नेगी ने बताया कि गांव पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। शव कब्जे में ले लिए गए हैं। हत्या आरोपी फरार है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक प्रेम सिंह का बड़ा बेटा दीपक रावत उत्तराखंड पुलिस में सिपाही है और इन दिनों उत्तरकाशी जिले मेें तैनात है। उसे घटना की सूचना भिजवा दी गई है।