लैंसडौन/कोटद्वार। बुजुर्ग महिला के बैंक खाते से एक लाख ट्रांसफर करने के मामले में लैंसडौन न्यायालय ने आरोपी राजेंद्र प्रसाद को दोषी करार दिया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रिया साह की अदालत ने आरोपी को एक साल के साधारण कारावास और पांच हजार अर्थदंड की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा नहीं करने पर उसे एक माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
जाखणीखाल तहसील के कंडथी गांव निवासी गुड्डी देवी पढ़ी-लिखी नहीं हैं। वह बैंक और डाकघर से जुड़े काम आरोपी राजेंद्र प्रसाद से करवाती थीं। आरोप था कि राजेंद्र ने बैंक में एफडी कराने के नाम पर उनसे हस्ताक्षर कराए और उनके खाते से एक लाख का चेक अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया।
गुड्डी देवी के डाकघर बचत खाते से 29 अप्रैल 2021 को 50 हजार और एक अगस्त 2021 को 90 हजार भी निकाले गए। बेटे अरविंद कुमार को इस गड़बड़ी का पता चलने पर उन्होंने आरोपी से रकम वापस मांगी। इस संबंध में 11 अप्रैल 2023 को पटवारी चौकी में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था। समझौते में आरोपी ने एक लाख की देनदारी स्वीकार करते हुए ब्याज सहित कुल एक लाख 12 हजार लौटाने की बात कही थी लेकिन पैसे वापस नहीं किए गए।
न्यायालय ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों से यह साबित नहीं हुआ कि यह रकम आरोपी ने निकाली थी। इसके बावजूद बैंक खाते से एक लाख अपने खाते में स्थानांतरित करने के मामले में अमानत में खयानत का अपराध साबित होने पर आरोपी को दोषी ठहराया गया।