प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने समाजसेवियों की ओर से 45 जरूरतमंद बच्चों को दी छात्रवृत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। उत्तराखंड लोक साहित्य एवं सांस्कृतिक ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 45 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित की गई। दुगड्डा, जयहरीखाल, द्वारीखाल और यमकेश्वर ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले इन बच्चों को वार्षिक छात्रवृत्ति की पहली छमाही किस्त के रूप में तीन-तीन हजार रुपये दिए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल, विशिष्ट अतिथि अपर शिक्षा निदेशक (एससीईआरटी) प्रदीप रावत, कार्यक्रम अध्यक्ष सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल बुद्धिवल्लभ ध्यानी, संस्था के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र कोठारी, कोषाध्यक्ष कैप्टन पीएल खंतवाल (सेवानिवृत्त) और संरक्षक शिवदयाल बौंठियाल ने किया। कार्यक्रम में स्वर्गीय सत्यप्रकाश थपलियाल को श्रद्धांजलि भी दी गई। छात्रवृत्ति वितरण में डू समथिंग सोसाइटी की ओर से 21, कार्यक्रम अध्यक्ष बुद्धिवल्लभ ध्यानी की ओर से 10 एवं अन्य समाजसेवियों की ओर से 14 जरूरतमंद बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। मुख्य अतिथि अजय कुमार नौडियाल ने कहा कि माता-पिता का साया खो चुके बच्चों को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना समाज की सच्ची सेवा है। संस्था के सचिव अजयपाल सिंह रावत के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में आरके जोशी, सत्य नारायण नौटियाल, शशि अमोली, सुनील नवानी, दीपक कुकरेती, रेखा नेगी, शंकर दत्त गौड़ आदि मौजूद रहे।