कोटद्वार। दि लोनी अरबन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसाइटी (एलयूसीसी) के धोखाधड़ी का शिकार हुए पीड़ितों का कोटद्वार तहसील में चल रहा धरना रविवार को 132वें दिन भी जारी रहा। रविवार को सभी पीड़ित तहसील में एकत्र हुए। यहां उन्होंने कंपनी संचालकों और सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। पीड़ितों ने कहा कि निवेशक अपने पैसे के लिए उन पर लगातार दबाव बना रहे हैं। जिससे पीड़ितों की मानसिक स्थिति गंभीर बनी हुई हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से उनकी डूबी हुई रकम वापस दिलाने की मांग की। कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। धरने पर बैठने वालों में प्रीति रावत, वीरेंद्र रावत, राजेंद्र भंडारी, सुरेश नेगी, जयपाल रावत, बिजेंद्र रावत, राजेंद्र नेगी, सुरेंद्र सिंह, संदीप रावत, हरेंद्र रावत, महेंद्रपाल सिंह रावत आदि शामिल रहे। संवाद