पुरोला। विकासखंड सभागार में बृहस्पतिवार को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के शुभारंभ पर जनसम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, मनरेगा श्रमिकों व विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
पुरोला विकासखंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री के लाइव संबोधन के प्रसारण के साथ हुआ। सभागार में विकसित ग्राम पंचायत योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। पोस्टर, बैनर और सूचना पट्टों के माध्यम से मिशन की प्रमुख विशेषताओं का प्रदर्शन किया गया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की सफलता की कहानियों को साझा कर ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, खंड विकास अधिकारी सुरेश चौहान ने कहा कि मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, आजीविका को सशक्त बनाना और ग्राम पंचायतों के समग्र विकास को गति देना है। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह, कुलवंती, त्रिलोक बिजलवान, हेमराज रावत, राजेश बिजलवान, बलवंत पंवार, कृष्ण सिंह, कविता ज्याड़ा, संतोषी देवी, जगवीर राणा, गुड्डी देवी आदि मौजूद रहीं। संवाद