कण्वघाटी (कोटद्वार)। कोटद्वार के कण्वाश्रम-डिग्री कॉलेज मार्ग और भाबर में कंचनपुरी-मालन नदी पुल के बीच गुलदार की धमक लगातार बनी हुई है। मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए जान का खतरा बना हुआ है। लोगों ने वन कर्मियों की गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने की प्रशासन से मांग की है।
झंडीचौड़ निवासी अमन नेगी ने बताया कि शनिवार की रात करीब नौ बजे वे बाइक से कोटद्वार से घर लौट रहे थे। मालन नदी पुल के पास पहुंचने पर उन्हे सड़क पर गुलदार दिखाई दिया। गुलदार की दस्तक से वहां से गुजरने वालों में दहशत का माहौल है। वहीं स्थानीय निवासी विजय नैथानी, साहिल, मनीष ध्यानी, हिमांशु देवीलाल, इंद्रजीत सिंह रावत, मुकेश वर्मा, कुलदीप नेगी ने बताया कि कण्वाश्रम-डिग्री कॉलेज मार्ग पर भी दिन ढलते ही गुलदार सड़क के आसपास और सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार पर बैठा नजर आता है। गुलदार की लगातार आमद से राहगीरों और क्षेत्रवासियों को जान का खतरा बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त कराते हुए गुलदार से सुरक्षा दिलाने की मांग की है।
चलती ट्रेन से जंगल में दिखा गुलदार
कोटद्वार। कोटद्वार से नजीबाबाद जा रही पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे कई यात्री ने जंगल में गुलदार दिखाई देने की बात कही। कोटद्वार की सीमा से सटे बिजनौर वन प्रभाग कोटद्वार की कौड़िया वन रेंज के अंतर्गत जाफराबाद के जंगल में बारहड्रम और सनेह रोड रेलवे स्टेशन के बीच जंगल में गुलदार चहलकदमी करता हुआ नजर आया।