पौड़ी जिले के एकेश्वर विकासखंड में खेत में काम कर रही एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। घटना में 55 वर्षीय महिला घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सतपुली स्थित हंस अस्पताल ले जाया गया है।
नैनीडांडा विकासखंड के ढंगलगांव में आतंक का पर्याय बना गुलदार आखिरकार पिंजरे में कैद हो गया। गांव में गुलदार कई मवेशियों और बकरियों को अपना निवाला बना रहा था। इससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई थी। गुलदार के पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
वहीं, ढंगलगांव और आसपास के क्षेत्र में भालू का खतरा अब भी बना हुआ है। बीती 30 सितंबर को भालू के हमले में एक महिला की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भालू को लेकर डर बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में हमलावर भालू की लोकेशन अब तक नहीं मिल पाई है। ऐसे में गुलदार के पकड़े जाने से एक ओर जहां लोगों को राहत मिली है, वहीं भालू की मौजूदगी को लेकर चिंता बरकरार है। ग्रामीणों को अब भालू के खतरे से निजात मिलने का इंतजार है।