लैंसडौन। कालेश्वर मंदिर मार्ग पर इन दिनों गुलदार का आतंक बना हुआ है। लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। वनकर्मियों की टीम ने देर रात तक कालेश्वर मंदिर मार्ग पर गश्त की और लोगों को सचेत किया।
क्षेत्रवासी पवन कुमार ने बताया कि बुधवार शाम छह बजे उनका पालतू कुत्ता आंगन में घूम रहा था। तभी कालेश्वर मंदिर गदेरे से गुलदार ने कुत्ते को दबोचने का प्रयास किया। शोर मचाकर और पत्थर फेंककर गुलदार को खदेड़ा गया। इसके बाद गुलदार नजदीक ही पानी की टंकी के पास बैठ गया। वहां गुलदार के दो शावक भी थे।
आबादी के आसपास मंडरा गुलदार जिस जगह बैठा रहा, उससे 10 मीटर की दूरी पर ही डिग्गी मोहल्ले का महिला शौचालय है। छावनी परिषद द्वारा महिला शौचालय के पास लगी लाइट कई दिन से खराब पड़ी है। तीन दिन पहले यहां झाड़ियों में गुलदार छिपा बैठा था। यहां आने वाली महिलाओं के लिए खतरनाक स्थिति बनी है। वन रेंज अधिकारी राकेश चंद शाह ने कहा कि लोगों से मिली सूचना पर रात ही वनकर्मी संबंधित क्षेत्र में गश्त के लिए पहुंच गए थे। उन्होंने देर रात तक क्षेत्र में कांबिंग की।