मनाही के बावजूद बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हैवी हॉलर (भारी क्षमता के ट्रक) गुजर रहे हैं। इससे कम क्षमता के मोटर पुलों पर दबाव पड़ रहा है। हॉलर आपरेटर्स की मनमानी को देखते हुए लोनिवि हाईवे खंड ने देवप्रयाग थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है।
बृहस्पतिवार रात देवप्रयाग के निकट बदरीनाथ हाईवे पर पाली पुलिया में जल विद्युत परियोजना की मशीन ला रहा एक हैवी हॉलर पलट गया था। इससे करीब 11 घंटे यातायात बाधित रहा। दिक्कत को देखते हुए लोनिवि एनएच खंड को सुबह यहां वैकल्पिक पुलिया बनाकर वाहनों को गुजारना पड़ा। आपरेटर्स की मनमानी रोकने के लिए शनिवार को लोनिवि एनएच खंड के अवर अभियंता की ओर से चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। लोनिवि ने चालक पर बिना अनमुति के ट्रक को लापरवाहीपूर्वक हाईवे लाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि भारी क्षमता के ट्रकों को बदरीनाथ एनएच पर ऋषिकेश से मलेथा के बीच आवाजाही की अनुमति नहीं है। इसका कारण एनएच पर निर्मित 50 मीटर से अधिक स्पान वाले पुल ज्यादा भारी वाहनों के गुजरने के लायक नहीं होना है। ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार की ओर से इन ट्रकों के लिए ऋषिकेश- टिहरी- कांडीखाल होते हुए मलेथा मोटर मार्ग से आवाजाही की अनुमति दी जाती है। इसके बावजूद भारी ट्रक बदरीनाथ एनएच से सामान लेकर गुजर रहे हैं। इससे पुलों पर अधिक दबाव पड़ रहा है। इसके अलावा ट्रक पलटने से यातायात बाधित होने के साथ जन सुरक्षा को भी खतरा बना हुआ है।
जुलाई माह में भी देवप्रयाग बाजार के ऊपर भारी ट्रांसफारमर ला रहा एक हैवी हॉलर पलट गया था। यदि थोड़ा नीचे की ओर गिरता, तो कई घरों को दबा देता। लोनिवि के ऐतराज के बावजूद एनएच पर इनकी आवाजाही नहीं रुक पा रही है।
कोट-
भारी क्षमता के ट्रकों को एनएच से आवागमन की अनुमति नहीं है। कई बार आपत्ति भी दर्ज करा दी गई है, लेकिन आपरेटर्स मान नहीं रहे हैं। - धीरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि एनएच खंड