श्रीनगर। कोटद्वार नाइटराइडर्स ने देहरादून ईगल्स को हराकर जीपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। कोटद्वार की टीम सोमवार को सेमीफाइनल में श्रीनगर स्मैशर्स से भिड़ेगी। जबकि मंगलवार को चमोली रायल्स और टिहरी स्कोचर्स का मुकाबला होगा।
रविवार को जीपीएल का आखिरी लीग मैच कोटद्वार नाइट-राइडर्स और देहरादून ईगल्स के बीच हुआ। दोनों को सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए जीत हासिल करनी थी। देहरादून ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 152 रन बनाए। देहरादून की ओर से कृष्णकांत ने 63 रन बनाए। कोटद्वार के शिवम और गिरीश ने 2-2 विकेट लिए।
देहरादून की पारी समाप्त होने के बाद कुछ घंटे तक मैच रुका रहा। बारिश बंद होने पर कोटद्वार की पारी शुरू हुई। कोटद्वार ने 17 वें ओवर में ही जीत हासिल कर ली। कोटद्वार के कप्तान सूरज राणा ने 60 और इलियास ने 56 रन बनाए। देहरादून के गौरव ने 2 विकेट लिए जबकि कोटद्वार ने 5 विकेट से मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कप्तान सूरज मैन आफ द मैच रहे। इस दौरान गढ़वाल विवि के प्रोफेसर आरसी डिमरी मैच के मुख्य अतिथि थे।
मालूम हो कि श्रीनगर स्मैशर्स, टिहरी स्कोचर्स और चमोली रायल्स पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुके हैं। सोमवार से प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैच शुरू होने हैं।