कण्वघाटी। भाबर के झंडीचौड़ में युवा दृष्टि समिति की ओर से मां शकुंतलम प्रथम महिला टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट कोटद्वार टाइगर्स ने जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में उसने मंगलम क्लब को हराया। प्रतियोगिता में कोटद्वार भाबर की छह टीमों ने भाग लिया।बुधवार को प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व प्रधानाचार्य गिरीश चंद्र नैथानी और समाजसेवी प्रणीता कंडवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
मैच के अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मंगलम क्लब ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर 65 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोटद्वार टाइगर्स की टीम ने मात्र तीन विकेट खोकर छह ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
दूसरे सेमीफाइनल में कण्व भाबर क्लब ने पहले खेलते हुए 56 रन बनाए। रनों के पीछा करने उतरी भारत स्वाभिमान क्लब ने 7 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर लिया। फाइनल मुकाबला कोटद्वार टाइगर्स और मंगलम क्लब के मध्य खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोटद्वार टाइगर्स की टीम ने मात्र दो विकेट खोकर 132 रनों के विशाल स्कोर बनाया।
डॉली ने 72 और आयुषि ने 27 रनों के योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंगलम क्लब की टीम निर्धारित ओवर में 73 रन ही बना सकी। प्रतियोगिता में डॉली को मैन ऑफ द मैच और सीरीज, प्रियंका कंडवाल को बेस्ट फील्डर, कुसुम को बेस्ट बैटसमैन और रानी को बेस्ट बॉलर के खिताब से नवाजा गया। प्रतियोगिता में देवेंद्र सिंह नेगी ने स्कोरर, नरेंद्र सिंह और सौरभ ने अंपायर का दायित्व संभाला। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष श्वेता नेगी, ईशू जखमोला, ऋतु ध्यानी, मंजीत देवी, अमित नेगी और मोहन चंद्र ध्यानी आदि मौजूद रहे।