खेल विभाग की पहल पर आयोजित 16 साल से कम आयु वर्ग के बालकों की राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच कोटद्वार ने जीता। प्रतियोगिता के अंतर्गत हुए एक अन्य मैच में अल्मोड़ा ने गोपेश्वर को पराजित किया।
कंडोलिया मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तराखंड ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष मुखर्जी निर्वाण ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में खेल की भावना से अपना प्रदर्शन दिखाने का आह्वान किया। इस मौके पर गोपाल सिंह खोलिया, विक्रम सिंह रावत, महेंद्र रावत और विनोद सिंह आदि मौजूद थे। उद्घाटन मैच में कोटद्वार ने हल्द्वानी को तीन गोल से पराजित किया। इस मैच में कोटद्वार की टीम शुरू से ही विपक्षी टीम पर हावी रही। कोटद्वार की ओर पहला गोल अनिरुद्ध ने, दूसरा मयंक ने और तीसरा गोल रोहित नेगी ने किया। हल्द्वानी की टीम खेल के अंत तक कोई गोल नहीं कर पाई।
दूसरे मैच में अल्मोड़ा ने चमोली को तीन गोल से हराया। इस मैच में अल्मोड़ा की ओर से पहला गोल रवि ने, दूसरा कुलदीप ने और तीसरा गोल सूरज ने किया। इन मैचों के निर्णायक सुरेंद्र सिंह नेगी, ललित बिष्ट, सुदर्शन नेगी, विनोद नेगी थे।