उत्तराखंड परिवहन निगम का कोटद्वार रोडवेज डिपो।
- फोटो : KOTDWAR
उत्तराखंड परिवहन निगम के कोटद्वार रोडवेज डिपो को अक्तूबर माह में नई बसों की सौगात मिलने वाली है। नई बसों के आने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि डिपो की आय में भी इजाफा होगा। रोडवेज के अधिकारियों की मानें तो दीवाली से पूर्व ही रोडवेज डिपो को नई बसें मिल जाएगी। कोटद्वार रोडवेज डिपो ने उत्तराखंड परिवहन निगम को 20 बसें देने का प्रस्ताव भी भेजा है।
उत्तराखंड परिवहन निगम का कोटद्वार रोडवेज डिपो लंबे समय से बसों की कमी से जूझ रहा है। बसों की कमी से जहां रोडवेज डिपो की आय घटी, वहीं मैदानी रूटों पर कम बसों के संचालन से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को घंटों तक बसों का इंतजार करना पड़ता है। डिपो के अधिकारियों की ओर से कई वर्षों से कोटद्वार डिपो पर और नई बसे भेजने की मांग की जा रही थी, लेकिन इस ओर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रोडवेज अधिकारियों की मानें तो उत्तराखंड परिवहन निगम ने नई बसों की खरीद शुरू कर दी है। उन्होंने अक्तूबर माह में दीवाली से पूर्व ही रोडवेज को नई बसों के मिलने का दावा भी किया है। कहा कि डिपो को मिलने वाली नई बसों को मैदानी रूटों पर ज्यादा फोकस रहेेगा। बताया जा रहा है कि नई बसें दिल्ली, फरीदाबाद, पंजाब (चंडीगढ़) के रूट पर ज्यादा चलाई जाएंगी। उधर, कोटद्वार रोडवेज डिपो के एजीएम टीकाराम आदित्य ने बताया कि अक्तूबर माह में कोटद्वार डिपो को बस मिलने की सूचना परिवहन निगम से मिली है। डिपो की ओर से 20 बसों की मांग का प्रस्ताव भेजा गया है।