बृहस्पतिवार देर रात सड़क क्रास करते हुए हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
कोटद्वार के आमपड़ाव निवासी एक युवक की बृहस्पतिवार देर रात दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। युवक वाहन चालक था और वाहन लेकर हरियाणा गया हुआ था। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। आमपड़ाव निवासी साबिर (37) पुत्र स्व. सादिक वाहन चालक है। बृहस्पतिवार को वह अपने वाहन को लेकर हरियाणा गया हुआ था। परिजनों ने बताया कि रात करीब 11:00 बजे वह अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा कर खाना खाने के लिए जा रहा था। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर सड़क क्रॉस करते वक्त तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर रात शव अंतिम संस्कार के लिए कोटद्वार लाया गया।