कोटद्वार। बेस अस्पताल में बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। अस्पताल में हर दिन नए मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं डेंगू ने भी जन स्वास्थ्य के प्रति खतरे की घंटी बजा दी है। हर दिन डेंगू के मरीज सामने आ रहे हैंं। एक महिला समेत तीन डेंगू के मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
नगर निगम के तमाम प्रयासों के बावजूद कोटद्वार के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार डेंगू के पीड़ित मिल रहे हैं। अब कोटद्वार के ध्रुवपुर में 52 वर्षीय महिला, लालपुर में 56 वर्षीय पुरुष और चैलूसैंण में 67 वर्षीय पुरुष में डेंगू की पुष्टि होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। हालांकि भर्ती कुछ मरीजों की हालत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज भी किया जा रहा है। लकड़ी पड़ाव निवासी एक परिवार में महज दस महीने का एक बच्चा डेंगू का पीड़ित हो गया था। चार दिन तक उपचार के बाद स्वास्थ्य लाभ होने पर बच्चे को डिस्चार्ज किया गया है।
वहीं, अस्पताल में रोजाना 50 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित पहुंच रहे हैं। तेज बुखार, बुखार बार-बार चढ़ना-उतरना, आंखों में दर्द, पेट में दर्द, हड्डियों में दर्द, जी मिचलाना, उल्टी आदि की शिकायत मिलने पर एहतियातन मरीजों के खून की जांच कराने के साथ ही डेंगू टेस्ट भी किया जा रहा है। अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. जेसी ध्यानी मरीजों को डेंगू मच्छर से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, अपने आसपास सफाई रखने, खानपान पर ध्यान देने, पौष्टिक तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं।