लैंसडौन। पर्यटन नगरी लैंसडौन में नशे में धुत एक युवक ने सरेआम एक युवती का चुंबन लेकर उससे छेड़खानी की। घटना के बाद आरोपी युवक फरार हो गया। पीड़ित युवती ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। युवती की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी युवक को बाजार से हिरासत में ले लिया है। देर शाम तक पुलिस युवती की तहरीर का इंतजार कर रही थी। तहरीर मिलने पर पुलिस इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करेगी।
पुलिस के अनुसार लैंसडौन के पास के एक गांव निवासी युवती अपनी सहेली के साथ बाजार आई हुई थी। गांधी चौक के पास युवती अपनी सहेली के साथ सब्जी की दुकान के सामने खड़ी थी, तभी शराब के नशे में धुत एक युवक आया और उसने सरेआम युवती का चुंबन ले लिया। युवती ने थाने पहुंचकर अपने साथ छेड़खानी की बात कही तो पुलिस ने उसे बाजार से तलाश कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि युवक यहां एक होटल में काम करता है। पुलिस ने बताया कि देर शाम युवती की ओर से तहरीर नहीं मिली है।