क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में आरपीएल खेल समिति की टीम को 10 विकेट से हराया
बैजरो। आरपीएल खेल समिति की ओर से आयोजित रिक्साल प्रीमियर लीग (आरपीएल) के फाइनल मुकाबले में किंग्स इलेवन रिक्साल ने आरपीएल खेल समिति की टीम को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की।
थलीसैण पट्टी चौथान स्थित रिक्साल में खेली गई प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में आरपीएल खेल समिति की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 66 रन बनाए। वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन रिक्साल की टीम ने मोहित नेगी के नाबाद 41 और धीरू बिष्ट के नाबाद 18 रन की मदद से मात्र 6 ओवर में ही बिना कोई विकेट गंवाए जीत हासिल कर ली। इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबलों में किंग्स इलेवन रिक्साल ने भूमिया कप बगडियाल गांव और आरपीएल खेल समिति ने धारकोट को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
विजेता टीम को 51 हजार रुपये पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा विजेता टीम के बल्लेबाज मोहित नेगी मैन ऑफ द मैच एवं जगदीश रावत मैन ऑफ द सीरीज व बेस्ट बॉलर चुने गए। वहीं, मोहन पालीवाल बेस्ट बल्लेबाज चुने गए। टूर्नामेंट में विशेष उपलब्धि अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।