बैजरो। गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने थलीसैंण व बीरोंखाल ब्लॉक का भ्रमण कर जन समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को बरसात के कारण बंद पड़ी सड़कों को जल्द यातायात के लिए खोलने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि काशीपुर-बुआखाल एनएच का जल्द सुधारीकरण होगा।
शुक्रवार को गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने थलीसैंण व बीरोंखाल ब्लॉक के व्यापारिक कस्बों का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर कोरोना को हराना है। उन्होंने लोगों से सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का अनुपालन करने की अपील भी की। कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान सबसे ज्यादा मामले सड़क संबंधी आ रहे हैं। सांसद ने कहा कि बुआखाल-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 309 की हालत अत्यंत दयनीय है। शीघ्र ही इस सड़क के सुधारीकरण का कार्य कराया जाएगा। साथ ही रामनगर के समीप खतरनाक बरसाती रपटों समेत अन्य स्थानों पर पुलों का निर्माण भी किया जाएगा। तीरथ सिंह रावत ने कहा कि रिखाड़ धोबीघाट मोटर मार्ग को वन विभाग सहित सभी किलयरेंस मिल गई है। शीघ्र ही सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इस अवसर पर परिवहन कंपनी यूजर्स के संचालकों ने सांसद को भगवत गीता भेंट की। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष यशपाल गोरला, सांसद प्रतिनिधि पातीराम ढौंडियाल, प्रधान संघ के अध्यक्ष ओमपाल बिष्ट, धीरेंद्र चंद, मैत्री प्रकाश, जिला पंचायत सदस्य सरिता देवी, सुमित्रा देवी, मधु देवी, विजय चौधरी व पान सिंह कंडारी आदि मौजूद रहे।
-फोटो