कोटद्वार। पोखरा ब्लॉक के अंतर्गत इंटर कॉलेज देवराजखाल के कक्षा 12 के छात्र कमल किशोर का चयन राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड की टीम में हुआ है। राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता 25 से 30 नवंबर तक कर्नाटक में होगी।
विद्यालय के व्यायाम शिक्षक धर्मेंद्र सिंह शाह ने बताया कि अक्तूबर माह के अंतिम सप्ताह में देहरादून में आयोजित चयन ट्रायल में कमल किशोर ने शानदार प्रदर्शन किया। तेज पासिंग, मजबूत डिफेंस और खेल के प्रति अनुशासित रवैया उन्हें टीम का प्रमुख व भरोसेमंद खिलाड़ी बनाता है। ग्राम नाई निवासी कमल किशोर के पिता गजेंद्र सिंह देहरादून में प्राइवेट जॉब करते हैं जबकि माता संगीता देवी गृहणी हैं। पोखड़ा के बीईओ एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अमित चौहान, हिमानी थपलियाल, निभा रावत, निशा, दिवाकर, राकेश मोहन आदि शिक्षकों ने छात्र कमल किशोर के चयन पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।