लैंसडौन। जयहरीखाल-लैंसडौन मोटर मार्ग पर नवनिर्मित व्यू पॉइंट हवा महल का विधायक महंत दिलीप रावत ने लोकार्पण किया।
विधायक दिलीप रावत ने कहा कि लैंसडौन व आसपास का क्षेत्र प्राकृतिक छटा की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध और पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। यहां से हिमालय की चोटियों को निहारा जा सकता है जो पर्यटकों के लिए अद्भुत है। कहा कि यह व्यू पॉइंट क्षेत्रवासियों एवं पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र साबित होगा। यहां से वे खूबसूरत वादियों का आनंद ले सकेंगे। छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी हर्षित राज ने कहा कि छावनी भूमि को विकास की दृष्टि से सजाने की जरूरत थी। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण, उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्य, दिगंबर सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।