एक माह से दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर सोमवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित काशीरामपुर के ग्रामीणों ने जल संस्थान दफ्तर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं होने पर अधिशासी अभियंता का घेराव करने की चेतावनी दी।
सोमवार को समाजसेवी शशिकांत के नेतृत्व में काशीरामपुर के लोगों ने गंदे पानी के साथ विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने विभाग पर ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। शशिकांत ने कहा कि एक महीने से मोहल्ले में दूषित पेयजल की सप्लाई हो रही है। लोगों के नलों में सुबह कीड़े और शाम को दुर्गंध भरा हुआ सीवर का पानी आ रहा है। लोग साफ पानी के लिए भटक रहे हैं, लेकिन विभाग जानबूझ कर अनजान बना हुआ है।
गंदे पानी के सेवन से बच्चों में उल्टी दस्त की शिकायत होने लगी है। डायरिया फैलने का खतरा बना हुआ है। विगत वर्ष भी गर्मियों में विभाग की लापरवाही के चलते क्षेत्र में दूषित पानी की सप्लाई की गई थी। तब भी विभाग अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाह बना हुआ था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किसी प्रकार रोग पर काबू पाया था।
उन्होंने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं होने पर विभागीय कार्यालय में धरना-प्रदर्शन कर अधिशासी अभियंता के घेराव की चेतावनी दी। इस दौरान नवभारत सिंह, लीलावती देवी, पूजा कुमारी, नीतू देवी, रणवीर सिंह राणा, फूल सिंह, बबलू सिंह, नरेश कुमार आदि मौजूद थे।