एक ही परिसर में संचालित चार प्राइमरी स्कूलों के एकीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। बुधवार को ही इस बारे में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक सीमा जौनसारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे। इसी क्रम में डीईओ बेसिक ने ब्लाक शिक्षा अधिकारी को चारों स्कूलों के एकीकरण के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने के लिए निर्देशित किया है।
शहर में सांस्कृतिक भवन के पीछे एक ही परिसर में चार प्राइमरी स्कूल चल रहे हैं। इनमें नगर पालिका प्राथमिक विद्यालय संख्या पांच में 49, छह में 12, सात में 21 और नौ में 10 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। ये चारों विद्यालय एक- दूसरे से सटे हैं। इसके बाद भी इनमें सभी विद्यालयों की कक्षाएं अलग- अलग लगती हैं। प्रार्थना भी अलग-अलग होती है। मध्याह्न भोजन भी अलग-अलग बनता है।
वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय संख्या पांच और छह में दो-दो शिक्षिकाएं, प्राथमिक विद्यालय संख्या सात में एक शिक्षक और एक शिक्षिका, विद्यालय संख्या नौ में एक शिक्षिका तैनात हैं। बुधवार को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किए गए नगर पालिका प्राथमिक विद्यालय संख्या पांच के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंची प्रारंभिक शिक्षा निदेशक सीमा जौनसारी ने इस पर आश्चर्य जताते हुए डीईओ बेसिक को इनके एकीकरण करने के निर्देश दिए थे।
डीईओ बेसिक कुंवर सिंह रावत ने बताया कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के अनुपालन में इनके एकीकरण के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ब्लाक शिक्षा अधिकारी को सहमति के आधार पर सुविचारित प्रस्ताव बनाकर जिला स्तर पर भेजने के लिए निर्देशित किया गया है, ताकि आपसी सहमति से इनका एकीकरण किया जा सके।