कोटद्वार। सप्ताह के आखिरी दिन शनिवार को बेस अस्पताल में मरीजों की खासी भीड़ रही। इस दौरान कुछ विशेषज्ञों की ओपीडी बंद रही। अस्पताल के नोटिस बोर्ड को व्यवस्थित नहीं रखे जाने पर उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भटककर वापस लौटना पड़ा।
रविवार को अस्पताल बंद होने के चलते शनिवार को सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ रही। फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ उमड़ी थी। मरीजों को एक से दो घंटे की प्रतीक्षा करनी पड़ी। कुछ अनुभाग में ओपीडी बंद होने से उसके बाहर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, नोटिस बोर्ड पर स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर विशेषज्ञ के आने की उम्मीद के साथ कुछ मरीज और तीमारदार प्रतीक्षा में बैठे रहे। कान-नाक-गला रोग, अस्थि रोग और होम्योपैथिक अनुभाग में सन्नाटा पसरा रहा।
सुबह से ही अस्पताल के पंजीकरण और बिलिंग काउंटर पर मरीजों व तीमारदारों की लंबी कतार लगी थी। पंजीकरण काउंटर पर दो कतारों में पर्चे बनने से मरीजों-तीमारदारों को राहत मिली, लेकिन बिलिंग काउंटर पर एकल व्यवस्था होने के कारण समय लगने से मरीज व तीमारदार परेशान रहे। रेखा देवी, घनश्याम पाल, सुरेंद्र सिंह का कहना था कि लैब से कुछ जांचें करानी हैं।
देर से सैंपल दिए जाने पर रिपोर्ट नहीं मिलेगी और वे आज इलाज से वंचित रह जाएंगे। वहीं, सोमवार को रिपोर्ट मिलेगी, लेकिन तब अवकाश के बाद अस्पताल खुलने से काफी भीड़ होगी। ऐसे में मरीजों को असुविधा होनी स्वभाविक है।
नोटिस बोर्ड को प्रतिदिन अपडेट करने के निर्देश दिए हुए हैं। बोर्ड पर सूचना अंकित नहीं करने पर व्यवस्था में सुधार करने के फिर से कड़े निर्देश दिए जाएंगे। -डॉ. विजय सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, बेस अस्पताल कोटद्वार।