कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने रायपुर विधान भवन के बारे मे कोई जानकारी होने से इंकार किया। कहा कि इस संबंध में सरकार ने संगठन से कोई वार्ता नहीं की है। कहा कि वह राजधानी को लेकर पूरी तरह से गैरसैंण के पक्षधर हैं।
बुधवार को जीएमवीएन गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता में उपाध्याय ने कहा कि पूरे देश में सबसे अधिक उपेक्षा उत्तराखंड की हो रही है। उत्तर प्रदेश के जमाने में पहाड़ी राज्यों को विशेष बजट दिया जाता था। जबकि वर्तमान केंद्र सरकार ने उत्तराखंड का विशेष बजट समाप्त कर दिया है।
उपाध्याय ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से नमामि गंगे के तहत भेजे जा रहे प्रस्ताव केंद्र सरकार स्वीकृत नहीं कर रही है। गंगा का मायका उपेक्षा का दंश झेल रहा है। रायपुर विधान भवन के बारे में कहा कि उन्होंने जानकारी होने से इंकार किया। कहा कि वह गैरसैंण राजधानी के पक्षधर हैं।
स्थायी व अस्थायी राजधानी का मसला बीजेपी ने खड़ा किया है। इसका समाधान भी बीजेपी को ही करना है। पत्रकार वार्ता में बलवीर सिंह रावत, आर्येंद्र शर्मा, लखपत बुटोला, श्याम लाल, बीरेंद्र नेगी, गणेश भट्ट, उम्मेद सिंह मेहरा आदि मौजूद थे।
अक्तूबर में हरिद्वार आएंगे राहुल गांधी
किशोर उपाध्याय ने बताया कि अक्तूबर माह के दूसरे व तीसरे सप्ताह में राहुल गांधी का कार्यक्रम हरिद्वार में तय है। पीडीएफ सदस्यों के कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ाए जाने के सवाल का जवाब देते हुए उपाध्याय ने कहा कि हमें एक दूसरे का दोस्त साबित होना है। इस माह के अंत तक पीडीएफ को लेकर निर्णय किया जाएगा।