राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) उत्तराखंड में चल रहे गणेश चतुर्थी महोत्सव का सोमवार को समापन हो गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए गणेश प्रतिमा का विसर्जन नदी के बजाय पानी के टैंक में किया।
भक्तियाना स्थित एनआईटी परिसर में पांच सितंबर से मूर्ति स्थापना और हवन-पूजा के साथ गणेश चतुर्थी महोत्सव का शुभारंभ हुआ था। सात दिनों तक चले कार्यक्रम में प्रतिदिन शाम सात बजे आरती और भजन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रविवार देर शाम कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी विजय जोगदांडे थे। पूजा अर्चना के बाद मूर्ति विसर्जन के लिए संस्थान परिसर से नदी तट तक यात्रा निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने नदी में मूर्ति प्रवाहित करने के बजाय एक हजार लीटर के टैंक में गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया, ताकि नदी का जल प्रदूषित न हो। इस मौके पर संस्थान के कुलसचिव कर्नल सुखपाल सिंह ने छात्र-छात्राओं को नेक रास्ते पर चलने की सलाह दी। ब्यूरो