कोटद्वार। वन विभाग का अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी है। बुधवार देर शाम को लालढांग रेंज के वन कर्मियों ने आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध खनन कर रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया।
लालढांग रेंज अधिकारी अजय ध्यानी ने बताया कि बुधवार देर शाम को चिल्लरखाल के आरक्षित वन क्षेत्र सिगड्डी सोत में अवैध खनन की सूचना मिली थी। जिसपर वे वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली अवैध खनन में लिप्त पाई गई। वन कर्मियों को नजदीक आता देख खनन कर रहे श्रमिक और ट्रैक्टर चालक भाग गए। वन कर्मियों ने अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त किया और लालढांग रेंज की चिलरखाल चौकी पर लाकर सीज कर दिया। रेंजर ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान जारी रखा जाएगा। संवाद