कण्वघाटी। भाबर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झंडीचौड़ में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीन टीकाकरण का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर 9 बालिकाओं का टीकाकरण कर लोगों को जागरूक किया गया।
शुक्रवार को एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद रजनीश बेबनी ने किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य ही हम सबकी सच्ची संपत्ति है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ रहने, समय पर टीकाकरण कराने, स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। एलएचवी (लेडी हेल्थ विजिटर) प्रेमलता भंडारी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराने का आग्रह किया। इस अवसर पर अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार, एएनएम दीप्ति पाण्डेय, रीना, रश्मि भट्ट, कनिका, आशा फेसिलेटर पूनम, बीना बछवान आदि मौजूद रहे। संवाद