कोटद्वार। राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार परिसर में बने ट्राॅमा सेंटर भवन पर चोरों की नजर है। बृहस्पतिवार रात किसी समय चोरों ने ट्राॅमा सेंटर की बिल्डिंग में सेंधमारी कर होम्योपैथिक ओपीडी के दरवाजे का कांच तोड़कर चोरी का प्रयास किया। हालांकि चोर ओपीडी चैंबर से कोई सामान नहीं ले गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस घटना में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। संबंधित चिकित्साधिकारी की ओर से प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को लिखित सूचना दी गई है।बेस अस्पताल परिसर स्थित ट्राॅमा सेंटर भवन में कोविड काल के दौरान अस्पताल की कुछ ओपीडी को शिफ्ट किया गया था। उनमें से एक होम्योपैथिक ओपीडी कक्ष भी है, जो इस समय ट्राॅमा सेंटर बिल्डिंग में ही संचालित है। बृहस्पतिवार रात किसी समय चोरों ने होम्योपैथिक ओपीडी कक्ष के दरवाजे का शीशा तोड़कर चोरी का प्रयास किया। विभागीय चिकित्साधिकारी डॉ. मधुसूदन वर्मा ने कक्ष का कांच का दरवाजा टूटने की पुष्टि की। कहा कि घटना के संबंध में लिखित तौर पर प्रमुख अधीक्षक बेस अस्पताल को अवगत करा दिया है। उधर, घटना के संबंध में पुलिस से जानकारी की गई, तो कोतवाल मणिभूषण श्रीवास्तव ने घटना से अनभिज्ञता जताई। कहा कि उन्हें कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी चोर और अराजकतत्व बिल्डिंग में घुसकर नुकसान पहुंचा चुके हैं।