कण्वघाटी। वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को भाबर डिग्री कॉलेज में विज्ञान संकाय भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि भाबर महाविद्यालय में जल्द ही इतिहास, भूगोल और गृह विज्ञान के विषय शुरू कराए जाएंगे।
शनिवार को राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार भाबर में वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 441.77 लाख रुपये की लागत से बने विज्ञान संकाय भवन का लोकार्पण किया। मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शीघ्र ही महाविद्यालय में इसी सत्र से इतिहास, भूगोल और गृह विज्ञान विषयों को शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाबर क्षेत्र में यह महाविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो रहा है। प्राचार्य डॉ. वीके अग्रवाल ने उच्च शिक्षा राज्य मंत्री के समक्ष महाविद्यालय में फर्नीचर, लैब उपकरण, पेयजल, कंप्यूटर्स, पुस्तकों की कमियों से अवगत करवाते हुए महाविद्यालय में स्वपोषित अथवा राज्य बीएड शुरू करवाने की मांग रखी। उच्च शिक्षा मंत्री ने महाविद्यालय में ई-पुस्तकालय, वाई-फाई सुविधा, सौर ऊर्जा प्लांट, लैब उपकरण, 10 कंप्यूटर, छह शौचालय, फर्नीचर, खेल सामग्री, को-ऑपरिटव बैंक के एटीएम की सुविधा व स्वपोषित बीएड शुरू करवाने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विधायक दलीप सिंह रावत, निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. कुमकुम रौतेला, एसडीएम योगेश मेहरा, सीओ अनिल जोशी, पार्षद सौरभ नौडियाल, भाजपा पौड़ी जिलाध्यक्ष संपत सिंह रावत, डॉ. विनय देवलाल, अनुराग शर्मा, डॉ. उषा सिंह, गीता रावत शाह, मनीषा सरवालिया, सन्नी सिंह व राजेश डबराल मौजूद रहे।
-फोटो