सतपुली। पौड़ी नेशनल हाईवे पर सतपुली-गुमखाल के बीच हाईवे चौड़ीकरण कार्य में निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। नगर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के दौरान लगाए गए करीब चार से पांच मीटर ऊंचे पुश्ते की नींव सड़क के लेवल से ही दो से ढाई फिट ऊपर दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि चौड़ीकरण के बाद नगर क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के आवास के पास भी पुश्ते लगाए गए हैं। पुश्ते लगाने के बाद जब सड़क किनारे पड़ा मलबा हटाया गया तो उनकी नींव की स्थिति सामने आ गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पुश्तों की नींव सड़क के लेवल से नीचे होने के बजाय ऊपर दिखाई दे रही है। मामला सामने आने के बाद निर्माण एजेंसी शिवालिक इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर से कथित तौर पर लीपापोती शुरू कर दी गई है। कुछ स्थानों पर नींव को पत्थर और मलबे से ढक दिया गया है। वहीं, अन्य जगहों पर मलबा हटाकर बाहर से शटरिंग लगाकर मसाला भरने का काम किया जा रहा है।
पूर्व प्रमुख पोखड़ा सुरेंद्र रावत, कांग्रेस नेता प्रेम बहुखंडी, कविंद्र इष्टवाल, ग्राम प्रधान बलवीर सिंह, अरविंद कुमार, हर्षवर्धन बिष्ट, माया गुसाईं का कहना है कि निर्माण कार्य में मानकों का पालन होना चाहिए। क्योंकि हाईवे की सुरक्षा पुश्तों की मजबूती पर निर्भर करती है। वहीं, विभागीय मानकों के अनुसार चार से पांच मीटर ऊंचे पुश्तों की नींव सड़क के लेवल से करीब 1.2 मीटर नीचे तक होनी चाहिए। ऐसे में मौके पर दिखाई दे रही स्थिति निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
पुश्ते का निचला हिस्सा कच्चा होने के कारण 540 एमएम का तीन लेयर में पक्का भरान करने के लिए खुदाई की जा रही है। पुश्ते का निर्माण मानकों व डिजाइन के अनुसार किया जा रहा है।
- अरुण कुमार, ईई, एनएच खंड लोनिवि धुमाकोट।