कोटद्वार के काशीरामपुर तल्ला में भर्ती स्थल के बाहर हंगामा काटते विभिन्न प्रांतों से पहुंचे युवा।
त्रिपुरा पुलिस की कोटद्वार में आयोजित तीन दिवसीय भर्ती रैली में प्रतिभाग करने के लिए रविवार को देश के विभिन्न प्रांतों से हजारों की संख्या में युवा यहां गबर सिंह कैंप पहुंचे।
भर्ती के दौरान ऊंचाई में बाहर हुए सैकड़ों युवाओं ने कैंप के बाहर भर्ती अधिकारियों पर निर्धारित मानक के अनुसार नाप नहीं लिए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। उन्होंने दोबारा भर्ती शुरू किए जाने की मांग की।
रविवार को त्रिपुरा पुलिस की भर्ती के लिए तड़के से ही युवाओं की कौड़िया कैंप के पिछले हिस्से काशीरामपुर तल्ला में लाइन लगनी शुरू हो गई थी। युवाओं का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब उन्हें हाइट कम बताकर भर्ती से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। आक्रोशित युवाओं ने भर्ती आयोजकों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया पूर्ण नहीं किए जाने का आरोप लगाया और कैंप के बाहर जमकर हंगामा काटा।
मथुरा से आए जितेंद्र चौधरी, इलाहबाद से आए मनोज, अलीगढ़ से आए वीरेंद्र सिंह, राजस्थान से आए मनोज समेत अन्य सैकड़ों युवाओं ने आरोप लगाया कि भर्ती रैैली को लेकर आयोजकों द्वारा इंटरनेट पर डाली गई सूचना के अनुसार प्रतिभागियों की न्यूनतम ऊंचाई 162.05 सेमी होनी चाहिए, लेकिन यहां न्यूनतम ऊंचाई अचानक से 175 सेमी कर दी गई है, जिससे कई युवाओं को बाहर कर दिया गया है। इसके अलावा कई युवा ऐसे भी हैं जिनकी ऊंचाई बदली हुई न्यूनतम ऊंचाई 175 सेमी से कई ज्यादा है, लेकिन उन्हें भी कागज अटेस्ट न होने की बात कहकर बाहर कर दिया गया है।