दुगड्डा (कोटद्वार)। मंगलवार को क्षेत्र में हुई तेज बारिश से सड़कों पर अधिकांश समय सन्नाटा पसरा रहा। सुबह 10 बजे शुरू हुई तेज बारिश दोपहर करीब एक बजे तक जारी रही। स्कूलों में छुट्टी होने पर बारिश थमने पर स्कूली बच्चों और शिक्षक वर्ग ने राहत की सांस ली। तेज बरसात होने के दौरान भूस्खलन के खतरे को देखते हुए वाहनों का आवागमन अन्य दिनों की अपेक्षा कम रहा है। बारिश होने से राहगीरों की आवाजाही अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही।
उधर, सतपुली क्षेत्र में मंगलवार को तेज बारिश होने के कारण जयहरीखाल विकासखंड के अंतर्गत सतपुली-मैंदोली-जयहरीखाल मोटर मार्ग पर रैतपुर-सतपुली के बीच हाईवे चौड़ीकरण के लिए पहाड़ से काटा गया मलबा आ गया। इस मलबे के कारण यातायात पूरी तरह बंद हो गया। इससे इस मार्ग से आवागमन करने वाले यात्रियों को लंबी दूरी तय कर हाईवे से होकर गंतव्य तक जाना पड़ा। दोपहर 12 बजे के आसपास जेसीबी से मलबा हटाकर सड़क से आवागमन सुचारू किया गया।