नजीबाबाद-बुआखाल हाईवे पर शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में कोटद्वार के दो युवकों की मौत हो गई। युवक बाइक से नजीबाबाद जा रहे थे। घटना रात साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। राह चलते लोग दोनों युवकों को प्राइवेट जीप से यहां सरकारी अस्पताल लाए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार आमपड़ाव कोटद्वार निवासी इमरान (20) पुत्र मेहरबान और सोनू (20) पुत्र नयाब शुक्रवार रात करीब आठ बजे बाइक से नजीबाबाद जा रहे थे। कोटद्वार से करीब पांच किमी दूर सुखरो मोटर पुल के बैंड पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी।
दुर्घटना में उनकी बाइक सड़क किनारे गिर गई और बाइक सवार दोनों युवक सड़क से दूर जंगल में छिटक गए। सूचना पर पुलिस ने दोनों युवकों को कोटद्वार अस्पताल भिजवाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर लगते ही आमपड़ाव मोहल्ले में शोक की लहर छा गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। लोगों ने बताया कि दोनों युवक मजदूरी करते थे और शुक्रवार शाम को किसी काम से नजीबाबाद जा रहे थे। हादसे में मारे गए सोनू की पांच महीने पहले ही शादी हुई थी।