आबादी के बीच एक घर के आंगन में तीन बार गुलदार आ धमका। लोगों ने हो हल्ला कर गुलदार को जंगल की ओर भगाया। गुलदार को देखकर एक सात साल का बच्चा इस कदर दहशत में आ गया कि उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। लोगों ने वन विभाग से गुलदार से सुरक्षा और उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की।
कालेश्वर मंदिर मार्ग निवासी मो. गुलफाम ने बताया की मंगलवार रात 9:30 बजे घर पर सभी खाना खा रहे थे। घर के बाहर बनी रसोई से उसकी भाभी शमशाद आ रही थी तभी अचानक तीन मीटर दूरी पर गेट के पास उन्हें गुलदार दिखा। गुलदार देखते ही वह चिल्लाते हुए घर के अंदर दौड़ीं। परिजनों के हाे हल्ला करने पर गुलदार वहां से भाग गया। 10 मिनट बाद गुलदार फिर आया और घर के पास बैठे एक कुत्ते को उठा कर जंगल की तरफ ले गया। इसके बाद करीब 15 मिनट बाद फिर गुलदार उनके आंगन में आ धमका। घर के लोगों ने खिड़की से यह सब देखा। गुलदार दिखने की सूचना पर पड़ोस के लोग भी अलर्ट हो गए। उन्होंने हो हल्ला किया तो गुलदार वहां से भाग गया। बताया कि गुलदार को देख उसका बेटा शादमन (7) बुरी तरह से डर गया। उसकी तबीयत खराब होने पर उसे कैंट अस्पताल ले जाया गया। रेंज अधिकारी राकेश चंद्र का कहना है कि कालेश्वर मंदिर मार्ग पर गुलदार के घूमने की सूचना नहीं है। लोगों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में रात को गश्त लगाई जाएगी।