छावनी नगर लैंसडौन में बुधवार रात ड्यूटी से लौट रहे एक बाइक सवार सैनिक पर गुलदार ने हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल ने शोर मचाकर किसी तरह गुलदार से जान छुड़ाई। रात को ही घायल ने सैनिक अस्पताल पहुंचकर अपना उपचार कराया। सेना की सूचना पर पहुंचे वन अधिकारी और कर्मचारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया।
लैंसडौन के रेंज अधिकारी बीडी तिवारी ने बताया कि बुधवार रात करीब 7:45 बजे लांस नायक पुष्मीत कुमार ड्यूटी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। दुर्गा मंदिर के निकट बने फैमिली क्वार्टर के पास अचानक गुलदार ने सामने से उस पर झपटा मारकर घायल कर दिया। गुलदार सैनिक पर फिर हमला करने ही वाला था कि सैनिक किसी तरह वहां से भाग निकला। गुलदार के हमले में घायल सैनिक सीधे सबसे पहले सैनिक अस्पताल पहुंचा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। रेंज अधिकारी ने बताया कि गुलदार की लोकेशन पता करने के लिए इस क्षेत्र में चार कैमरे लगाए जा रहे हैं और वन कर्मचारियों की गश्त लगाई जा रही है। लैंसडौन के डेरियाखाल क्षेत्र में गुलदार के साथ ही भालू की दहशत भी बनी है। क्षेत्रवासियों ने वन्यजीवों के बढ़ते हमलों से छुटकारा की मांग वन विभाग से की।
गुलदार के हमले में बाल-बाल बची महिला
कोटद्वार। दुगड्डा ब्लाक के पौखाल क्षेत्र में दिउला गांव में पशुओं को चुगाने गई एक महिला गुलदार के हमले में बाल-बाल बच गई। दिउला की प्रधान पूनम देवी और पूर्व प्रधान अजीत देवलियाल ने बताया कि बुधवार को गांव की महिला कविता देवी अन्य महिलाओं के साथ गांव के पास पशुओं को चराने गई थी। पास की झाड़ियों में घात लगाए बैठे एक गुलदार ने महिला पर झपट्टा मारने आया लेकिन तभी अन्य महिलाओं ने दरांती दिखाते हुए शोर मचा दिया और गुलदार भाग गया। इस तरह कविता की जान बच गई। घटना के बाद से गांव में दहशत बनी हुई है। वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई है। लोगों ने चेतावनी दी यदि गुलदार के हमले में कोई मानव क्षति हुई तो क्षेत्रवासी वन विभाग के खिलाफ आंदोलन करेंगे। वहीं कोटद्वार के रेंज अधिकारी अजय ध्यानी ने बताया कि उनके पास घटनाक्रम की अभी कोई जानकारी नहीं है। पता करवाकर आवश्यक की जाएगी। संवाद