गढ़वाल विवि के चौरास परिसर स्थित गेस्ट हाउस का दरवाजा शरारती तत्वों ने सोमवार रात तोड़ डाला। सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़े जाने पर विवि की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान उठ रहे हैं।
विवि यहां कार्यरत सुरक्षा एजेंसी को हर माह लाखों का भुगतान करती है। इसके बावजूद सुरक्षा में सेंध हो गई है। विवि प्रशासन का कहना है कि घटना की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चौरास परिसर स्थित नवनिर्मित गेस्ट हाउस का दरवाजा सोमवार देर रात कुछ शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। कांच से निर्मित इस दरवाजे की कीमत डेढ़ लाख से अधिक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दरवाजा तोड़े जाने की घटना के दौरान गेस्ट हाउस में दो सुरक्षा कर्मी तैनात थे। पूरे चौरास परिसर में 70 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
इतनी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौजूद होने के बावजूद दरवाजा तोड़े जाने पर विवि की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। इसके पहले भी बिड़ला परिसर में पानी की टोंटियां चोरी हुई थीं। 23 जुलाई देर रात भी चौरास परिसर में तैनात सुरक्षा सुपरवाइजर व गेस्ट हाउस कर्मी का विवाद हुआ था।
विवि के कर्मचारियों का कहना है कि सुरक्षा के नाम पर लाखों खर्च करने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था हाशिए पर है। विवि के मुख्य नियंता प्रो. एचबीएस चौहान ने कहा कि घटना की जानकारी ली जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा सख्त कार्रवाई की जाएगी।