स्व शशिधर भट्ट स्मृति खेल संस्था की ओर से आयोजित ‘गढ़वाल कप’ राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के सातवें दिन दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। जिसमें पहले मैच में गढ़वाल हीरोज दिल्ली ने स्फूर्ति क्लब दिल्ली और बीईजी रुड़की ने बनबसा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। अब पांच जनवरी को दोनों टीमों के बीच ट्रॉफी के लिए जंग होगी।
शुक्रवार को स्व शशिधर भट्ट राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम कोटद्वार में आयोजित राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैचों का शुुुुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि हंस फाउंडेशन के प्रदेश प्रभारी पदमेंद्र सिंह बिष्ट ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। पहला मैच गढ़वाल हीरोज दिल्ली और स्फूर्ति क्लब दिल्ली के बीच खेला गया। पहले हॉफ में दोनों टीमों ने गोल करने के काफी प्रयास किए, लेकिन दोनों टीमें ही विफल रही। दूसरे हॉफ में दोनों टीमों ने आक्रामक रुख अपनाया और गोल के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरे हॉफ तक दोनों टीमों का स्कोर शून्य ही रहा। इसके बाद मैच का निर्णय पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। जिसमें गढ़वाल हीरोज दिल्ली ने स्फूर्ति क्लब दिल्ली को 4-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा मैच बीईजी रुड़की और बनबसा के मध्य खेला गया। पहले हॉफ तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी। दूसरे हॉफ में बीईजी रुड़की के खिलाड़ी योगेश ने 66वें मिनट में गोल दागा, लेकिन सह-निर्णायक ने उसे ऑफ साइड करार दिया। इसके बाद बीईजी रुड़की के योगेश ने 84वें मिनट में गोलकर 1-0 की बढ़त दिलाई। अंत तक बनबसा की ओर से कोई गोल नहीं होने पर बीईजी रुड़की ने 1-0 से मैच अपने नाम कर फाइनल में प्रवेश किया। आयोजकों ने बताया कि चार जनवरी को रेस्ट डे रखा गया है। फाइनल मैच पांच जनवरी को खेला जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुमन कोटनाला, खेल संस्था के अध्यक्ष अरूण भट्ट, मनीष भट्ट, राकेश मोहन भट्ट, सुनील रावत, सिद्धार्थ रावत, बीरेंद्र सिंह रावत, नरेंद्र सिंह बिष्ट, गोपाल जसोला, पूर्व प्राचार्य डॉ एसपी बडोला, सुनील कंडवाल, अतुल भट्ट, दर्शन सिंह भंडारी, मेहरबान सिंह नेगी व कोटद्वार प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र उनियाल आदि मौजूद रहे।