कोटद्वार। रतनपुर सुखरो वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा वाहन के चालक व सह चालक के साथ हुई अभद्रता से वाहन चालक भड़क गए। जिससे बुधवार सुबह वाहन चालकों ने विरोधस्वरूप कूड़ा उठान का कार्य नहीं किया। इससे शहर में कूड़े के ढेर लग गए। वाहन चालकों ने इस मामले में कोतवाली पहुंचकर आरोपी परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दूसरे पक्ष की ओर से लिखित रूप में माफी मांगने के बाद ही वाहन चालक शांत हुए और काम पर लौटे।
नगर आयुक्त पीएल शाह की ओर से कोतवाली पुलिस को पत्र सौंपा गया। जिसमें कहा गया कि नगर निगम में कूड़ा उठान का कार्य एक प्राइवेट फर्म की ओर से किया जा रहा है। उक्त फर्म ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि गत 13 सितंबर को रतनपुर सुखरो वार्ड के एमएस काॅलोनी में डोर-टू-डोर कूड़ा वाहन चालक सुमित कुमार और सह चालक सोनू के साथ एक परिवार ने अभद्र व्यवहार कर उनके साथ गाली-गलौज की और जाति सूचक शब्दों प्रयोग कर अपमानित किया। साथ ही उन्हें जान से मारने व वाहन को क्षति पहुंचाने की धमकी भी दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
बुधवार सुबह की पाली में वाहन चालकों ने कूड़ा उठान का कार्य नहीं किया और सभी थाने पहुंचे। यहां पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई और दूसरे पक्ष की ओर से लिखित रूप में माफी मांगे के बाद ही वाहन चालक शांत हुए। मामले का पटाक्षेप होने के बाद वाहन चालक काम पर लौट आए और इसके बाद ही शहर में लगे कूड़े के ढेर का निपटारा हो सका।
नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि मामले में दूसरे पक्ष की ओर से लिखित रूप में माफी मांगने के बाद वाहन चालक काम पर लौट आए हैं। शाम की पाली में विधिवत रूप से कूड़ा उठान का कार्य किया गया।