नेशनल हाईवे 534 पर दुगड्डा के गांधी चौक के निकट एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेज दिया है।
शुक्रवार अपराह्न दो बजे पालिका क्षेत्र के गांधी चौक के निकट लोगों ने एक वृद्ध को मुंह के बल सड़क पर गिरे देखा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को 108 सेवा से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति के बैग से जिला सहकारी बैंक की पासबुक, चेक बुक आदि मिली। पासबुक में व्यक्ति का नाम चंद्रपाल पुत्र नत्थू सिंह निवासी ग्राम साहूवाला, विकास खंड कोतवाली जिला बिजनौर (यूपी) अंकित था। पुलिस ने मृतक से बरामद मोबाइल से परिजनों को सूचना भेज दी है।
आधे घंटे सड़क पर तड़पता रहा वृद्ध
दुगड्डा चौराहे पर मानवता उस वक्त शर्मसार हो गई, जब सड़क पर गिरे वृद्ध को उठाकर किसी ने भी अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठाई। करीब आधा घंटे तक लोग तमाशबीन बनकर वृद्ध को देखते रहे। आधे घंटे बाद जब पुलिस पहुंची तब जाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। वृद्ध को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी।