कोटद्वार। फोरलेन बाईपास मार्ग निर्माण के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) स्थानीय प्रशासन की मदद से अधिग्रहित भूमि को खाली कराने में जुटा है। बृहस्पतिवार को ग्रास्टनगंज क्षेत्र के अंतर्गत कोटद्वार गांव में दो भवनों को ध्वस्त किया गया।पिछले कई दिनों से एनएचएआई की टीम प्रशासन की मदद से अधिग्रहित भूमि पर भवनों को ध्वस्त कराकर फोरलेन बाईपास मार्ग के लिए भूमि को खाली कराने में जुटी है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को नामित मजिस्ट्रेट/नायब तहसीलदार सरदार सिंह सैनी की मौजूदगी में एनएचएआई की टीम ने ग्रास्टनगंज क्षेत्र के अंतर्गत कोटद्वार गांव में दो भवनों को जेसीबी से ध्वस्त कराया। क्षेत्र में कुछ भवनों और जमीनों पर अनाधिकृत रूप से कब्जा कर मुआवजा दिए बगैर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का आरोप लग रहा है।
इस संबंध में नायब तहसीलदार ने बताया कि बृहस्पतिवार को ध्वस्त किए गए भवनों में से एक भवन स्वामी को मुआवजा दिला दिया गया है, जबकि आगामी दो दिन के भीतर दूसरे भवन स्वामी को मुआवजा दिला दिया जाएगा। उन्होंने एनएचएआई द्वारा फोरलेन बाईपास मार्ग निर्माण के लिए चिह्नित की गई भूमि अथवा भवन को समय से खाली कर सहयोग करने और मुआवजा आदि के संबंध में किसी तरह की भ्रांति होने पर बेहिचक प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।