प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेंद्र सिंह भंडारी (89) का निधन हो गया। बुधवार देर रात उन्होंने कोटद्वार के बलभद्रपुर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। स्वास्थ्य कारणों से वह सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं हो रहे थे। वह अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। बृहस्पतिवार को हरिद्वार के चंडीघाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटों शैलेंद्र और दीपेंद्र ने उन्हें मुखाग्नि दी।
पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह भंडारी के निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेसियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े जनप्रतिनिधियों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत, मेयर हेमलता नेगी, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत, पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सरोजनी कैंत्यूरा, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव ज्योति गैरोला और प्रदेश महामंत्री रंजना रावत और कई सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर शोक जताया है।