कोटद्वार। उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संघ गढ़वाल क्षेत्र के प्रतिनिधि मंडल ने कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) गढ़वाल शेर सिंह से वार्ता की। क्षेत्रीय प्रबंधक ने संगठन की सभी मांगों पर सहमति जताते हुए उनके समाधान करने का भरोसा दिया है। वार्ता के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष बृजमोहन कन्याल और क्षेत्रीय मंत्री रविंद्र चौहान ने उन्हें 17 सूत्री मांगों से अवगत कराया। उन्होंने कर्णप्रयाग लौंगिग प्रभाग में छपान कार्य करवाने और जड़ी बूटी को भी बढ़ावा देने, पौड़ी लाैगिंग प्रभाग में विकास कार्य व छपान का कार्य करवाने के लिए वनाधिकारियों से संपर्क करने, सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को फाॅर्म यूपी से मंगाए जाने की मांग शामिल हैं। साथ ही छंटनीशुदा कर्मचारियाें की सूची उपलब्ध कराने, फायर वाचरों का वेतन शीघ्र देने, हरिद्वार कार्यालय में प्राथमिकता से तारबाड़ का कार्य करवाने, कोटावली नदी में चुगान कार्य शीघ्र शुरू करवाने, संविदा और आउट सोर्स कार्मिको को उपनल के माध्यम से रखने आदि मांगे शामिल हैं। प्रतिनिधि मंडल में क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष अनीता रावत, नेहा बड़थ्वाल, राजवीर चौधरी, रविंद्र सिंह नेगी, राहुल वेदवाल, जयपाल सिंह और महेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।