उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संगठन की स्थानीय शाखा ने सात सूत्री मांगों के निराकरण की मांग उठाई है। संगठन ने मांगों के निराकरण को प्रभागीय विक्रय प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा है।
उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संगठन के प्रभागीय अध्यक्ष दलवीर सिंह रावत और प्रभागीय मंत्री अशोक कुमार ने प्रभागीय विक्रय प्रबंधक कोटद्वार को ज्ञापन सौंप कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में चिड़ियापुर द्वितीय डिपो में रसोईघर का निर्माण और हैंडपंप की मरम्मत कराने, आफिस स्टाफ को फील्ड व डिपो में तैनात न करने, प्रभागीय विक्रय प्रबंधक कोटद्वार के अधीन समस्त डिपो में सीमेंट के खंभों से तारबाड़ कराने, मालन नदी एवं अंजनीचौड़ डिपो में शौचालय की व्यवस्था करने, पनियाली डिपों में जीर्ण शीर्ण गेट का नए सिरे से निर्माण कराने, वन उपज संरक्षक चेतन सिंह रवि के तीन माह का वेतन भुगतान करने की मांग शामिल है। चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी संगठन आंदोलन को बाध्य होगा।